नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS-IT) के 79वें बैच के ट्रेनी ऑफिसर को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के विकास में प्रत्यक्ष कर (डायरेक्ट टैक्स) की अहम भूमिका पर जोर दिया और युवा अधिकारियों से जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील की।
बता दें, राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्यक्ष कर देश के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह सरकार को एक स्थिर राजस्व स्रोत प्रदान करते हैं, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि एक निष्पक्ष और पारदर्शी कर प्रणाली समाज में समानता को बढ़ावा देता है और समावेशी तथा टिकाऊ विकास की मजबूत नींव तैयार करता है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि रेवेन्यू सर्विस का कार्य केवल टैक्स संग्रह तक सीमित नहीं है। IRS अधिकारियों की जिम्मेदारी इससे कहीं अधिक व्यापक है। उन्होंने कहा कि जटिल वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण करना, सीमा पार होने वाले अवैध वित्तीय प्रवाह का पता लगाना और जटिल कॉर्पोरेट ढांचे को समझना IRS अधिकारियों की अहम जिम्मेदारियों में शामिल है। यह क्षमता देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
वहीं, राष्ट्रपति ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने निर्णयों में संतुलन और विवेक का परिचय दें। उन्होंने कहा कि एक कुशल अधिकारी वही होता है जो प्रवर्तन और सुविधा के बीच संतुलन बनाए, अधिकार का उपयोग विनम्रता के साथ करे और तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता को भी महत्व दे।
उन्होंने युवा अधिकारियों को सलाह दी कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय विनम्रता, संयम और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखें। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में पारदर्शिता और नैतिकता का पालन करना बेहद आवश्यक है।
गौरतलब है कि इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IT) के 79वें बैच के ऑफिसर ट्रेनी इन दिनों नागपुर स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (NADT) में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस बैच में रॉयल भूटान सर्विस के दो ट्रेनी ऑफिसर भी शामिल हैं, जो प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा हैं। राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान सभी ने उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त की।













