कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मुंबई में टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन से मुलाकात कर भारत और कनाडा के बीच संभावित साझेदारी पर विस्तार से चर्चा की। यह बैठक ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित रही। कार्नी ने कहा कि भारत और कनाडा दोनों ही तेज़ी से उभरती अर्थव्यवस्थाएं हैं और इन क्षेत्रों में साझेदारी से दोनों देशों के नागरिकों के लिए सुरक्षा और समृद्धि के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर मार्क कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। मुंबई प्रवास के दौरान उन्होंने भारतीय और कनाडाई उद्योगपतियों, वित्तीय विशेषज्ञों, नवाचार क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों तथा भारत में सक्रिय कनाडाई पेंशन फंड्स के साथ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लिया।
1 मार्च को उनका नई दिल्ली आगमन निर्धारित है, जहां 2 मार्च को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इससे पहले जून 2025 में कनानास्किस और नवंबर 2025 में जोहान्सबर्ग में दोनों नेताओं की मुलाकात हो चुकी है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्ष व्यापार और निवेश, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार तथा जन-से-जन संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में चल रहे सहयोग पर चर्चा करेंगे। साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा। यह यात्रा भारत-कनाडा संबंधों के सामान्यीकरण के महत्वपूर्ण चरण पर हो रही है।



