दिल्ली और पूरे एनसीआर (NCR) क्षेत्र में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बारिश के कारण राजधानी दिल्ली सहित गुरुग्राम और नोएडा की प्रमुख सड़कों पर भारी जलभराव देखने को मिला। जलभराव के चलते सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं, कई वाहन पानी में बंद हो गए और प्रमुख मार्गों पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
खराब मौसम और दृश्यता की कमी का बड़ा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाली करीब 15 उड़ानों को सुरक्षा के लिहाज से अन्य हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। गुरुग्राम में दोपहर तक 70 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के निचले इलाकों में सड़कें समंदर जैसी नजर आने लगीं।
सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने और जल निकासी व मरम्मत के काम को तेजी से पूरा करने के लिए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रशासन ने मंगलवार, 25 अगस्त को सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों, सरकारी व निजी संस्थानों को कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम (WFH) लागू करने की सलाह दी है। इसके अलावा, सभी सरकारी और निजी स्कूलों में बच्चों की कक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।












