बिहार : मुजफ्फरपुर के कांटी थाना इलाके के दामोदरपुर में आम्रपाली ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने कामयाबी से खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और करीब 33 लाख रुपये की लूटी गई ज्वेलरी बरामद की है। अपराधियों के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। कुछ दिन पहले इन अपराधियों ने आम्रपाली ज्वेलर्स की दुकान से चोरी की थी। हालांकि, उसी समय पुलिस एक आरोपी को पकड़ने में कामयाब रही।
चोरी 12 जून को हुई थी
बता दें, 12 जून को कांटी थाना इलाके के दामोदरपुर में चार अज्ञात अपराधियों ने बंदूक की नोक पर आम्रपाली ज्वेलर्स में लूटपाट की थी। बदमाशों ने करीब 300 ग्राम सोना, 10 kg चांदी और कैश लूट लिया था। घटना के दौरान अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। हालांकि, एक आरोपी अशोक सहनी वही मौके पर ही पकड़ा गया था।
तुरंत एसआईटी का गठन किया गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. एसएसपी ने बताया कि आम्रपाली ज्वेलर्स में लूटपाट की घटना हुई है. उसके लिए तुरंत एसआईटी का गठन किया गया. तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी कर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. अशोक सहनी, अमीर सहनी, सिंधु देवी और अभिषेक सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों में कुछ रिश्तेदार भी हैं। मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है ।
33 लाख की लूटी गई थी ज्वेलरी
वही पूछताछ में पता चला कि खेत में 195.97 ग्राम सोना (करीब ₹29.5 लाख), 1431.51 ग्राम चांदी (करीब ₹3.5 लाख), आधार कार्ड और दुकान का पर्स छिपाकर रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, अब तक 33 लाख की लूटी गई ज्वेलरी और दो कारतूस के साथ एक पिस्टल बरामद हुई है।














