लखनऊ। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपनी नई पुस्तक में वर्ष 2023 की अपनी भारत यात्रा का एक बेहद रोचक और भावुक कर देने वाला किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली की सड़कों पर उनके स्वागत में जगह-जगह उनकी तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए गए थे, जिसे देखकर साथ आए इटली के उप प्रधानमंत्री एंतोनियो तजानी ने मजाकिया लहजे में कहा था कि अगर वह दिल्ली की किसी सीट से चुनाव लड़ें तो उन्हें 10 लाख वोट मिल सकते हैं।
किताब में क्या लिखा मेलोनी ने?
पत्रकार एलेसांद्रो साल्लुस्ती के साथ मेलोनी की विस्तृत बातचीत पर आधारित पुस्तक ‘जॉर्जिया विजन’ में इटली की प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को याद करते हुए लिखा, “जब मैं पहुंची, तो सड़क किनारे थोड़ी-थोड़ी दूरी पर मेरी तस्वीर के साथ ‘वेलकम’ लिखे पोस्टर लगे थे। जब मैं वापस लौटी, तो उन्हीं पोस्टरों पर ‘यात्रा के लिए धन्यवाद’ लिखा था। मेरे साथ मौजूद मेरे सहयोगी एंतोनियो तजानी ने यह देखकर कहा, इतने सारे पोस्टरों के साथ यदि आप नई दिल्ली के किसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ें, तो दस लाख वोट मिल जाएंगे।”
एक साल में दो बार आई थीं भारत
मेलोनी वर्ष 2023 में दो बार भारत आई थीं। पहली बार मार्च में वह ‘रायसीना डायलॉग’ में हिस्सा लेने आई थीं, जबकि दूसरी बार सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए उन्होंने भारत की यात्रा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी गर्मजोशी भरी दोस्ती हमेशा चर्चा में रहती है और सोशल मीडिया पर लोगों ने प्यार से दोनों नेताओं की जोड़ी को ‘मेलोडी’ नाम भी दे दिया था।
कूटनीति और व्यक्तिगत रिश्तों पर क्या कहा?
पुस्तक के ‘हेड हेल्ड हाई अमंग द वर्ल्ड ग्रेट्स’ नामक अध्याय में कहा गया है कि सफल कूटनीति केवल औपचारिक बैठकों और समझौतों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि नेताओं के बीच बनने वाले व्यक्तिगत रिश्ते भी इसमें अहम भूमिका निभाते हैं। कई बार मजेदार और अनौपचारिक बातचीत दो देशों के नेताओं को एक-दूसरे के करीब लाने में मदद करती है। इसी कड़ी में मेलोनी ने ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति कैस सईद के साथ अपनी पहली मुलाकात का भी रोचक किस्सा साझा किया, जब करीब दो घंटे की बातचीत के बाद सईद ने उन्हें समुद्र का नजारा दिखाया और इसी दौरान उन्होंने झिझकते हुए सिगरेट पीने की अनुमति मांगी, जिसके बाद सईद ने भी अपनी सिगरेट की डिब्बी निकाल ली और वह लम्हा यादगार बन गया।
किसने लिखी है किताब की भूमिका?
गौरतलब है कि मेलोनी की इस किताब की भूमिका अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लिखी है। यह पुस्तक फिलहाल ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर पाठकों के लिए उपलब्ध है।












