Noida : उत्तर प्रदेश के विमानन क्षेत्र और बुनियादी ढांचे के इतिहास में आज का दिन एक बड़े मील के पत्थर के रूप में दर्ज हो गया है। बहुप्रतीक्षित नोएडा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज से वाणिज्यिक उड़ानों की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। इस ऐतिहासिक सफर की सबसे खास बात यह रही कि जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली पहली फ्लाइट आज सुबह ठीक 9:00 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सकुशल लैंड कर चुकी है।
पहली फ्लाइट में सवार हैं जेवर के 172 किसान
जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ पहुंची इस पहली उद्घाटन फ्लाइट में कोई बड़े वीआईपी या राजनेता नहीं, बल्कि जेवर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 172 किसान सवार हैं। सरकार की ओर से इन भूमिदाता किसानों को सम्मान देने के लिए इस विशेष यात्रा का हिस्सा बनाया गया है। अमौसी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी किसानों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री आवास (5 KD) पर होगी खास मुलाकात
एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद सभी 172 किसान सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘5 कालिदास मार्ग’ (5 KD) पर इन किसानों के लिए एक विशेष स्वागत और सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर के इन किसानों से सीधे संवाद करेंगे और उनके साथ दोपहर के भोजन पर चर्चा भी कर सकते हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को धरातल पर उतारने में इन किसानों के अभूतपूर्व सहयोग के प्रति आभार प्रकट करने के लिए खुद मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करवाई है। इस आयोजन को लेकर राजधानी लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर के प्रशासनिक अमले में भारी उत्साह देखा जा रहा है।














