नोएडा में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन से पहले फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना उनकी दूरदृष्टि का परिणाम है।
बोनी कपूर ने कहा कि वह सिर्फ विकास का समर्थन नहीं कर रहे हैं, बल्कि खुद इसका हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के जरिए उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म प्रोडक्शन हब बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह फिल्म सिटी न केवल निवेश को आकर्षित करेगी, बल्कि राज्य में रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा करेगी। अनुमान है कि इस परियोजना से करीब 5 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। युवाओं और फिल्म प्रेमियों के लिए यह एक बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा।
वहीं, जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर सुरक्षा के दायरे तय किए गए हैं। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
यह एयरपोर्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इसे दिल्ली- गाजियाबाद के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में तैयार किया गया है, जो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ मिलकर एक इंटीग्रेटेड एविएशन सिस्टम बनाएगा।
एयरपोर्ट की शुरुआती क्षमता 1.2 करोड़ यात्री प्रति वर्ष रखी गई है, जिसे भविष्य में 7 करोड़ यात्री तक बढ़ाया जा सकेगा। इसमें 3,900 मीटर लंबा रनवे, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और एडवांस एयरफील्ड लाइटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे 24 घंटे हर मौसम में उड़ान संचालन संभव होगा।
इसके अलावा एयरपोर्ट में मल्टी-मॉडल कार्गो हब भी विकसित किया गया है, जिसमें इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन शामिल हैं। यह कार्गो सिस्टम हर साल 2.5 लाख फोल्डिंग टन माल ढुलाई में सक्षम होगा, जिसे भविष्य में 18 लाख फोल्डिंग टन तक बढ़ाया जा सकेगा।
जेवर एयरपोर्ट और इंटरनेशनल फिल्म सिटी जैसे प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा देने के साथ-साथ इसे वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।













