चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कई अहम सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह को पंजाब में “जुमलों” के साथ नहीं बल्कि राज्य से जुड़े गंभीर मुद्दों के जवाब लेकर आना चाहिए।

बता दें, अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था, किसानों, बाढ़ राहत, उद्योग और ड्रग्स के खिलाफ चल रही लड़ाई जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार की स्पष्ट भूमिका सामने आनी चाहिए। उन्होंने अमित शाह के 14 मार्च को प्रस्तावित दौरे से पहले छह प्रमुख सवाल उठाए और कहा कि पंजाब के लोग इन मुद्दों पर जवाब चाहते हैं।

वहीं, अमन अरोड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार ने लगभग चार वर्षों से रूरल डेवलपमेंट फंड (RDF) और मार्केट डेवलपमेंट फंड (MDF) के करीब ₹8300 करोड़ रोक रखे हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि ग्रामीण विकास, सड़कों और मंडियों के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है और केंद्र को इसे तुरंत जारी करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद पंजाब को पांच वर्षों तक मुआवजा देने का वादा किया गया था, जो 2022 में समाप्त हो गया। इसके कारण राज्य को लगभग ₹55,000 से ₹60,000 करोड़ का नुकसान हुआ है। अरोड़ा ने पूछा कि केंद्र सरकार इस नुकसान की भरपाई कैसे करेगी।

अमन अरोड़ा ने पिछले साल आई भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ₹1600 करोड़ की राहत राशि देने की घोषणा की थी, लेकिन यह राशि अब तक पंजाब को नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अमित शाह को राज्य के दौरे से पहले इस राशि को जारी करने पर स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए।

वहीं, उन्होंने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इससे किसानों और छोटे व्यापारियों को नुकसान हो सकता है। केंद्र सरकार को इस समझौते के फायदे और शर्तों को स्पष्ट करना चाहिए।

वहीं, अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब लंबे समय से ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय सीमा और पड़ोसी राज्यों के कारण यह चुनौती और कठिन हो जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि इस लड़ाई में वह पंजाब की कैसे मदद करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे पड़ोसी राज्यों को लंबे समय तक औद्योगिक प्रोत्साहन मिलने से पंजाब की उद्योग व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसलिए केंद्र को पंजाब के उद्योग और व्यापार को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज देना चाहिए।

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब के लोगों को केवल भाषण या वादे नहीं बल्कि ठोस जवाब चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अमित शाह पंजाब आ रहे हैं तो उन्हें इन मुद्दों पर स्पष्टता देनी चाहिए और राज्य के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।

'महायुद्ध पर सरकार की कैसी रणनीति,आम लोगों के लिए महंगाई की चुनौती !' | THE DEBATE

शेयर करना
Exit mobile version