रामपुर जिले के जिला पंचायत परिसर में बुधवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें एक अधिवक्ता की मौत हो गई और एक कर्मचारी घायल हो गया। मृतक की पहचान अधिवक्ता फारुख के रूप में हुई है, जबकि घायल कर्मचारी असगर हैं।
ब्रेकिंग न्यूज़। रामपुर जिला पंचायत कैंपस में वकील फारूख की गोली मारकर हत्या कर दी गई. फारूख की पत्नी गौसिया भी घायल है. जिला पंचायत कर्मी असगर अली ने हत्या की है, गौसिया, असगर की सहकर्मी है.#RampurBreaking #LawyerMurder @rampurpolice @Uppolice pic.twitter.com/qNHSkZVDy2
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) February 11, 2026
मृतक के भाई ने बताया कि फारुख की पत्नी जिला पंचायत में लिपिक हैं और गोली चलाने वाला व्यक्ति भी उसी परिसर में कार्यरत है। घटना के अनुसार, आरोपी ने फारुख को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला पंचायत भवन परिसर में हुई इस गोलीबारी के बाद अपर पुलिस अधीक्षक, सीईओ और एडिशनल एसपी भी जांच कर रहे हैं। जिलाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की।
पुलिस ने बताया कि गोली चलाने के आरोप में आरोपी को हिरासत में लिया गया है, हालांकि वह भी घायल है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया जारी रखने की जानकारी दी है।














