डेस्क : जालौन में पुलिस ने अवैध हथियार और नशीली दवाओं के कथित कारोबार से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाई प्रोफाइल आरोपी आशुतोष मिश्रा और नितीश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों में रखे अवैध असलहे और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों से तीन अवैध 32 बोर पिस्टल, 12 कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा गाड़ियों से 53,580 रुपये की नकदी भी मिली है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच में जुटी है।
बता दे कि जांच के दौरान नेपाल कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों का अवैध हथियारों की सप्लाई और दूसरे संदिग्ध नेटवर्क से किस तरह का संबंध है। पुलिस के अनुसार, विक्की उर्फ नितीश के नशीली दवाओं के कथित कारोबार से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही फर्जी कॉल सेंटर और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
वही जांच एजेंसियां USDT और क्रिप्टोकरेंसी के संभावित इस्तेमाल की जानकारी भी जुटा रही हैं। पुलिस आरोपियों के साथियों और उनके नेटवर्क से जुड़े लोगों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल हथियारों के स्रोत, नशीली दवाओं के कथित कारोबार और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर जांच जारी है।














