जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित होटल रॉयल पार्क में एक शादी समारोह के दौरान अफरा-तफरी मच गई जब अचानक फायरिंग की घटना हो गई। इस समारोह में नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक फारूक अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद थे। हमलावर ने फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की, लेकिन वे पूरी तरह से सुरक्षित रहे।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में हुई। मौके पर पुलिस और NSG के कमांडो तैनात थे, जिन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया। हमलावर का नाम कमल सिंह है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और उसके पास से बरामद बंदूक को जब्त कर लिया है।
हमलावर का कनेक्शन खनन कारोबार से:
जानकारी के अनुसार, कमल सिंह खनन के कारोबार से जुड़ा हुआ था और हाल ही में जम्मू-कश्मीर में खनन विभाग द्वारा की गई सख्ती से नाराज था। चूंकि खनन विभाग की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के पास है, यह हमला उनके खिलाफ भी हो सकता था।
घटना के दौरान उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को छर्रे लगने से मामूली चोटें आईं, जबकि फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि इस फायरिंग की घटना की सच्चाई का पता चल सके।














