उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां जमीन के लालच में बहू ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर ससुर की कथित तौर पर गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। यह मामला अंतू थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मौरहा गांव का है, जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बहू और उसकी नाबालिग बेटी को पकड़ लिया है।
बता दें, पुलिस के मुताबिक 21 नवंबर की सुबह गांव में वृद्ध का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के संबंध में मृतक के बेटे ने अपनी पत्नी और बेटी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मामले की जांच और कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी पक्ष द्वारा वृद्ध की जमीन नाबालिग बेटी के नाम पर कराने की तैयारी की जा रही थी और इसी जमीन के लालच में इस जघन्य घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही अंतू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन के साथ छानबीन शुरू की। पुलिस ने आरोपी बहू और नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ व आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद कल्याणपुर मौरहा गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस अधिकारी घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रहे हैं ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।













