जौनपुर: नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार दोपहर पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन और मां को मिलने वाली पेंशन के पैसे को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक युवक पर अपनी मां और बहन की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय शीतला देवी और उनकी बेटी गौरा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों के साथ करीब दस थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।

छह साल पहले वसीयत के बाद बढ़ा था विवाद

बताया जा रहा है कि शीतला देवी के पति राजपति पटेल सेवानिवृत्त शिक्षक थे। दंपती की छह बेटियां और सबसे छोटा बेटा भूपेंद्र पटेल था। परिवार के मुताबिक, करीब छह वर्ष पहले राजपति पटेल ने अपनी संपत्ति को लेकर सबसे छोटी बेटी गौरा देवी के पक्ष में वसीयत की थी। इसके बाद संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद बढ़ गया और मामला कानूनी प्रक्रिया तक पहुंचा।

बाद में जमीन का बंटवारा हुआ। परिवार के अनुसार, कुछ हिस्सा बहनों और बाकी हिस्सा मां और बेटे के हिस्से में आने की बात सामने आई। जमीन के साथ मां को मिलने वाली पेंशन और अन्य संपत्ति संबंधी मामलों को लेकर भी विवाद चल रहा था।

मां पर हमला, बचाने पहुंची बेटी की भी हत्या

परिवार के लोगों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर घर में मां, बेटे और बेटी के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भूपेंद्र पटेल घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और अपनी मां शीतला देवी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मां पर हमला होते देख बेटी गौरा देवी उन्हें बचाने पहुंचीं। आरोप है कि भूपेंद्र ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी भी मौत हो गई।

घर से ही आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भूपेंद्र पटेल को घर से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस बोली- लंबे समय से चल रहा था विवाद

एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। भूपेंद्र पटेल पर अपनी मां और बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

19  सितम्बर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh |Politics

शेयर करना
Exit mobile version