उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, कनेक्टिविटी और तकनीकी प्रगति को लेकर केंद्र सरकार ने एक बेहद बड़ा और ऐतिहासिक भरोसा जताया है। गौतम बुद्ध नगर (जेवर) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने राज्य को बुलेट ट्रेन की बड़ी सौगात देने की घोषणा की। इस ऐतिहासिक पहल के बाद अब दिल्ली से लखनऊ की दूरी को मात्र 2 घंटे 10 मिनट और जेवर से लखनऊ की दूरी को केवल 1 घंटे 40 मिनट में तय किया जा सकेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन परियोजना का खाका पेश करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे बजट में स्वीकृति दे दी है। यह हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन दिल्ली से शुरू होकर लखनऊ, वाराणसी, पटना होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक का सफर तय करेगी। उन्होंने कहा कि यात्री अब बेहद आराम से ट्रेन में सफर के दौरान चाय-कॉफी का आनंद लेते हुए और बातचीत करते हुए लखनऊ पहुंच जाएंगे, जिससे प्रदेश के पूरे ट्रांसपोर्ट नेटवर्क का कायाकल्प हो जाएगा।
जेवर बनेगा देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब
इस कार्यक्रम के दौरान जेवर में एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमि पूजन और शिलान्यास भी किया गया। दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी ‘कोरियन सर्किट्स’ और भारत की ‘अंबर इंटरप्राइजेज’ की साझेदारी से यहां उन्नत एचडीआई पीसीबी (HDI PCB) का निर्माण किया जाएगा, जिनका इस्तेमाल मोबाइल फोन, आईटी उत्पादों और मेमोरी मॉड्यूल में होता है। रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन की सराहना करते हुए कहा कि जिस इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद के लिए भारत पहले 40 हजार करोड़ रुपये का आयात करता था, अब उसका निर्माण जेवर में ही होगा।
“यह नया यूपी है, यहां रविवार को भी काम होता है”
कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक गति की जमकर तारीफ की। अंबर इंटरप्राइजेज के सीईओ जसबीर सिंह ने अपना एक पुराना वाकया साझा करते हुए बताया कि जब मुख्यमंत्री कार्यालय में उन्हें रविवार के दिन शाम 7 बजे भूखंड आवंटन पत्र सौंपा गया, तो उनके साथ आए कोरियाई प्रतिनिधि हैरान रह गए। उन्होंने पूछा कि क्या यूपी में संडे को भी सरकार काम करती है? इस पर सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था, “यह नया उत्तर प्रदेश है, यह दिन नहीं देखता, केवल आगे बढ़ने और प्रगति करने के लिए काम करता है।” इस दौरान कोरियाई कंपनी के सीईओ यांग हो चो ने सीएम योगी आदित्यनाथ को दक्षिण कोरिया आने का निमंत्रण भी दिया।











