उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से असम के गुवाहाटी के लिए रियलमी, ओप्पो और वनप्लस जैसी नामी कंपनियों के कीमती स्मार्टफोन लेकर चले एक कंटेनर से करीब 12 करोड़ रुपये के मोबाइल हैंडसेट गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर तस्कर विशाल कंटेनर (संख्या- KA 02 AJ 1157) को बिहार के अररिया नगर थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
फास्टैग और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, यूपी में ही टूटा सील
यह कंटेनर 6 जून को ग्रेटर नोएडा के वेयरहाउस से रवाना हुआ था, जिसे राम सिंह नामक ट्रांसपोर्टर से किराए पर लिया गया था। कंटेनर को हरियाणा के पलवल निवासी दो चालक मु. साहिब और मु. तालीम लेकर चले थे, जिन्होंने 7 जून से ही फोन उठाना बंद कर दिया था। एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ है कि शातिर चोरों ने कंटेनर का सील बिहार पहुंचने से पहले उत्तर प्रदेश की सीमा के भीतर ही तोड़ दिया था। यूपी के गोरखपुर के पास एक टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कंटेनर का लॉक पहले से ही खुला होने की पुष्टि हुई है।
अयोध्या और गोरखपुर के बीच रुकी थी गाड़ी, आधे से ज्यादा मोबाइल गायब
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक के विभिन्न टोल प्लाजा से गुजरने का समय वैसे तो सामान्य था, लेकिन अयोध्या और गोरखपुर के बीच गाड़ी की टाइमिंग में असामान्य देरी दर्ज की गई है। इसी पैच के दौरान मोबाइल के डिब्बे पार किए गए। 8 जून को जब अररिया पुलिस ने कंटेनर को जब्त किया, तो कुल 1143 मोबाइल सेट के पैकेटों में से केवल 531 पैकेट ही मिले, जबकि 612 कीमती हैंडसेट के पैकेट गायब थे।
पलवल और नूंह पहुंची बिहार पुलिस, कंपनी की बड़ी लापरवाही उजागर
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अररिया पुलिस की एक विशेष टीम हरियाणा के पलवल और नूंह (मेवात) जिला पहुंच चुकी है। जांच में एक और चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है कि इसी कंपनी के कंटेनर से पिछले साल 10 मार्च को राजस्थान के किशनगढ़ में भी 3 करोड़ के मोबाइल गायब कर दिए गए थे। पुराने अनुभव से सबक न लेते हुए कंपनी ने इस बार भी कंटेनर में ‘डिजिटल लॉक’ का इस्तेमाल नहीं किया था। फिलहाल पुलिस मोबाइल ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय गिरोहों के इनपुट पर गहराई से काम कर रही है।













