गोरखपुर: नामी कंपनियों के ब्रांड और उनकी गुणवत्ता पर भरोसा कर बाजार से खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं के लिए गोरखपुर से एक बेहद चौंकाने वाली और सतर्क करने वाली खबर सामने आई है। बता दे कि खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी छापेमारी करते हुए बाजार में खपाए जाने वाले नामी ब्रांड्स के नकली खाद्य पदार्थों का एक बहुत बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस मिलावटखोरी के खेल में ब्रुक बांड ताजा चाय, एवरेस्ट और राजेश मसाले, साथ ही बच्चों के पसंदीदा कैडबरी जेम्स जैसे बेहद लोकप्रिय उत्पादों की नकली पैकिंग धड़ल्ले से तैयार की जा रही थी।
अधिक मात्रा में नकली ब्रुक बांड ताजा चायपत्ती की पैकिंग बरामद हुई
वही जिलाधिकारी और कमिश्नर के सख्त निर्देश पर मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई कैंट थाना क्षेत्र में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने जब कैंट पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। छापेमारी में सबसे अधिक मात्रा में नकली ब्रुक बांड ताजा चायपत्ती की पैकिंग बरामद हुई, जिसका कुल वजन 426 किलोग्राम है। बोरियों में भरकर रखी गई इस नकली चायपत्ती की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 6 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
64 किलोग्राम नकली मिश्रित मसाला भी पकड़ा गया है
इसके अलावा, रसोई में इस्तेमाल होने वाले एवरेस्ट और राजेश ब्रांड के नाम पर तैयार किया गया करीब 64 किलोग्राम नकली मिश्रित मसाला भी पकड़ा गया है, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार 714 रुपये है। वहीं बच्चों के बीच लोकप्रिय कैडबरी जेम्स के चार कार्टन नकली चॉकलेट भी बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत ₹23,000 बताई गई है। सहायक आयुक्त व अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरामद किए गए सभी नकली खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। ब्रांड्स की हूबहू नकल कर बाजार में धोखाधड़ी से बेचने के आरोप में कैंट थाने में कॉपीराइट एक्ट (Copyright Act) के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।













