गोरखपुर में नाग पंचमी के दिन बड़ा हादसा हो गया। बांसगांव क्षेत्र के बदौली बाबू गांव में पोखरे में स्नान करने गए तीन बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, नाग पंचमी के मौके पर गांव के कुछ बच्चे पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव की कोशिश शुरू की।
चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान 15 वर्षीय सचिन, अनुज और करिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।
इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। नाग पंचमी के दिन हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।













