Hapur: तकनीक के दौर में गूगल मैप जहां सफर को आसान बनाता है, वहीं कई बार यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से सामने आया है, जहां एक परिवार गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते-चलते हादसे का शिकार हो गया। दादरी से मेरठ के किठौर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा यह परिवार गूगल मैप के भरोसे गलत रास्ते पर मुड़ गया और उनकी कार सीधे एक गहरे नाले में जा घुसी।
2 घंटे तक सांसें रही अटक, रेस्क्यू टीम ने दिखाया दम
हापुड़ नगर के शामनगर इलाके में हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। कार में एक ही परिवार के चार सदस्य और बच्चे सवार थे। पानी से लबालब भरे नाले में कार फंसने के बाद दरवाजे लॉक हो गए और परिवार अंदर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने कार के शीशे तोड़कर और क्रेन की मदद से सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चालक का बयान: “लगा कि गाड़ी निकल जाएगी”
कार चला रहे साहिल ने बताया कि वे पूरी तरह से गूगल मैप को फॉलो कर रहे थे। रास्ते में पानी भरा हुआ था, लेकिन मैप पर रास्ता सही दिखने की वजह से उन्हें लगा कि गाड़ी वहां से निकल जाएगी। हालांकि, जैसे ही कार आगे बढ़ी, वह सीधे नाले में उतर गई। गनीमत रही कि समय रहते मदद पहुंच गई, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। रेस्क्यू टीम के अनुसार, फिलहाल गाड़ी को नाले से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यह घटना उन सभी लोगों के लिए सबक है जो अनजान रास्तों पर बिना स्थानीय स्थिति देखे पूरी तरह तकनीक पर निर्भर हो जाते हैं।














