हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली इलाके में हाईवे किनारे स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सात श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार से पांच श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन सोसायटी के पिछले हिस्से में बेसमेंट के लिए गहरी खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सात मजदूरों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि घायल श्रमिकों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।













