डेस्क : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 21 दिन की परोल मिल गई है। साध्वियों के यौन शोषण के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को जिला कारागार सुनारिया से डेरा सच्चा सौदा के सिरसा स्थित मुख्यालय जाने की अनुमति दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरमीत राम रहीम की 21 दिन की परोल मंजूर होने के बाद वह जेल से बाहर आ गया है। परोल मिलने के बाद राम रहीम सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय पहुंचा। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके साथ सुरक्षा और समर्थकों का काफिला भी नजर आया।राम रहीम के सिरसा पहुंचने के दौरान काफिले में लैंड क्रूजर, फॉर्च्यूनर और इनोवा जैसी गाड़ियां शामिल थीं। सिरसा डेरे में पहुंचने के बाद वह निर्धारित अवधि के दौरान वहीं रहेगा।
गुरमीत राम रहीम इससे पहले भी कई बार परोल और फरलो के जरिए जेल से बाहर आ चुका है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह 17वीं बार है जब वह जेल से बाहर आया है।राम रहीम को साध्वियों के यौन शोषण के मामले में दोषी ठहराया गया था और वह रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी उसे दोषी ठहराया जा चुका है।
राम रहीम को बार-बार परोल मिलने को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस बार 21 दिन की परोल मिलने के बाद उसके सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय पहुंचने को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।














