अहमदाबाद : गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड ने शहर की पुलिस की मदद से अहमदाबाद के शाहीबाग में गुजरात से राजस्थान जा रही एक लग्जरी बस की तलाशी ली और बैन ड्रग ट्रामाडोल की दो लाख से ज़्यादा टैबलेट ज़ब्त कीं। इसकी मार्केट प्राइस 8 करोड़ 32 लाख रुपये है। फरार आरोपी परेश पारसमल जैन को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार किया गया।
ATS सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के सिद्धार्थ के गाइडेंस में ATS, क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन के तहत शाहीबाग पहुंचकर MR ट्रैवल्स की लग्जरी बस की तलाशी ली।
बस राजस्थान के पाली जा रही थी
यह बस गुजरात के अंकलेश्वर से राजस्थान के पाली जा रही थी। एक बॉक्स में छोटे कागज के 416 बॉक्स में रखी 2 लाख 8 हजार ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट बरामद की गईं।
जब पुलिस के डिप्टी सुपरिटेंडेंट एसएल चौधरी और उनकी टीम ने जांच की और पता चला कि आरोपी परेश पारसमल जैन राजस्थान भाग गया है, तो पुलिस ने उसे उदयपुर के गोगुंडा में पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खोले कई बड़े राज
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मई महीने में अब तक वह राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 62 लाख से ज़्यादा टैबलेट पहुंचा चुका है। इससे पहले आरोपी उत्तराखंड और महाराष्ट्र में बैन कफ सिरप के साथ पकड़ा गया था और वह पिछले महीने वापी में पकड़ी गई करीब दो किलो मेफेड्रोन ड्रग की तस्करी में भी शामिल था। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।













