इटली दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की गहरी दोस्ती एक बार फिर सोशल मीडिया पर पूरी दुनिया में छा गई है। इस बार दोनों नेताओं की इस बॉन्डिंग की वजह कोई गंभीर राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सबकी पसंदीदा ‘Melody’ टॉफी बनी है।
दरअसल, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने खुद अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बेहद दिलचस्प वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी उन्हें ‘Melody’ टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को पोस्ट करते हुए मेलोनी ने कैप्शन में लिखा, “गिफ्ट के लिए शुक्रिया।” मेलोनी की इस पोस्ट के सामने आते ही इंटरनेट पर एक बार फिर #Melodi हैशटैग तेजी से ट्रेंड करने लगा और सोशल मीडिया पर इस चॉकलेट को लेकर मजेदार चर्चाएं शुरू हो गईं।
यह खास और अनूठा गिफ्ट दोनों वैश्विक नेताओं के बीच की सहज दोस्ती और भारत-इटली के मजबूत होते रिश्तों की गर्मजोशी को साफ दर्शाता है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी इस वक्त अपने पांच देशों के महत्वपूर्ण विदेशी दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंचे हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग जैसे कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर उच्च स्तरीय बातचीत होने की उम्मीद है।













