गाजियाबाद: ललिता गौतम हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार से मिलकर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। सीएम योगी ने साफ कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने विवेचना में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा परिवार के पिता और चाचा को एक-एक मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार का आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड जल्द से जल्द बनाया जाए। साथ ही परिवार को सरकार की सभी पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाए
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाए और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, परिवार ने मुख्यमंत्री से न्याय की उम्मीद जताई है। प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर तेजी दिखाई जा रही है।












