वाराणसी: धर्म की नगरी काशी में मुस्लिम युवकों द्वारा इफ्तार के नाम पर गंगा की लहरों पर चिकन बिरयानी पार्टी का मामले में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। चिकन बिरयानी पार्टी की शिकायत करने वाले शिकायतकर्ता भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल को विदेश के अंजान नंबर और सोशल मीडिया पर धमकी मिल रही है। डरे सहमे रजत जायसवाल ने इसकी शिकायत वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र की पुलिस से किया है। रजत जायसवाल ने अपने शिकायत में बताया कि उन्हें सोशल मीडिया और अंजान नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी मिल रही है, वह मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में रहते है ऐसे में उन्हें मॉब लिंचिंग होने का भी भय है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सिगरा थाना क्षेत्र की पुलिस ने रजत जायसवाल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
रजत ने वाराणसी पुलिस से की थी गंगा में इफ्तार के नाम पर चिकन बिरयानी पार्टी की शिकायत
वाराणसी में विगत दिनों सोशल मीडिया पर गंगा में चिकन बिरयानी पार्टी का मामला युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के संज्ञान में आया। बीजेपी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने इसकी शिकायत कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस से करते हुए सोशल मीडिया के वीडियो को उपलब्ध करवाया। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले इन वीडियो के आधार पर मदनपुरा क्षेत्र के रहने वाले 14 मुस्लिम युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गंगा में बिरयानी पार्टी करने वालो की हुई कोर्ट में पेशी…
बुधवार की शाम इन युवकों की पेशी वाराणसी कोर्ट में की गई है। गिरफ्तार हुए युवकों की जमानत के लिए उनके परिजनों ने याचिका दाखिल किया हुआ है। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 14 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायालय के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट ने सभी आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री की मांग की है। वही जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 23 मार्च की अगली तारीख दी है।



