उत्तर प्रदेश में मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में अदाणी समूह तेजी से जुटा है। बदायूं से प्रयागराज तक 464 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट को उन्नत मशीनों और तकनीक से लैस इंजीनियरों की टीम मूर्त रूप दे रही है। अदाणी समूह बदायूं से हरदोई तक 151.7 किमी, हरदोई से उन्नाव तक 155.7 किमी और उन्नाव से प्रयागराज तक 157 किमी के तीन भागों का निर्माण कर रहा है। यह एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा जिसे भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे को डिजाइन, निर्माण, वित्त, संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) मॉडल पर विकसित किया जा रहा है और इसकी रियायत अवधि 30 वर्ष तय की गई है। इसे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे बताया जा रहा है। परियोजना के तेज निर्माण कार्य को अदाणी समूह की विश्व स्तरीय प्रबंधन क्षमता और निष्पादन गति का प्रमाण माना जा रहा है।
फिलहाल अदाणी समूह के पास देशभर में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के 13 प्रोजेक्ट हैं, जिनमें पांच हजार किमी से ज्यादा लंबी सड़कें नौ राज्यों – छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, केरल, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में बन रही हैं।