उत्तर प्रदेश: देवरिया जिले से एक बेहद शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है, जहां एक युवती के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवती खेत की ओर जा रही थी, तभी कुछ मनचलों ने उसे रास्ते में घेर लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया है। यह मामला मदनपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार युवती जब खेत की तरफ जा रही थी, तभी कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि मनचलों ने युवती को घेरकर उसके साथ जबरदस्ती की और उसे पकड़कर खेत की ओर खींचने लगे। इस दौरान युवती रोती रही और आरोपियों से छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन युवकों ने उसकी एक नहीं सुनी।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ औपचारिकता पूरी करते हुए केस दर्ज किया है और मामले में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतने गंभीर मामले में भी पुलिस की कार्रवाई धीमी है। साथ ही यह भी चर्चा है कि अभी तक इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों की ओर से भी कोई सख्त कदम सामने नहीं आया है।
फिलहाल मामला सामने आने के बाद देवरिया पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और पीड़िता को न्याय दिलाया जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।













