उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई क्षेत्र में शनिवार रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दुर्गा कॉलोनी में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की हथौड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। दुर्गा कॉलोनी निवासी शमीम बानो (38) और उनके सौतेले बेटे आतिफ के बीच भोजन बनाने को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि शमीम बानो ने आतिफ के लिए खाना बनाने से मना कर दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए आतिफ ने घर में रखी हथौड़ी उठाकर शमीम बानो के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण शमीम बानो की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद कुछ समय तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। करीब 11:30 बजे किसी माध्यम से पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद बहजोई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी आतिफ को मौके से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आतिफ और उसके दो भाई पहली पत्नी से जन्मे हैं। उनकी मां की मृत्यु के बाद उनके पिता ने शमीम बानो से दूसरी शादी की थी। पुलिस के अनुसार सौतेली मां और बच्चों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। कई बार ऐसा भी हुआ कि घर में खाना नहीं बनने पर पिता बच्चों को बाहर होटल में खाना खिलाने ले जाते थे।
बहजोई थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि आरोपी आतिफ ने अपनी सौतेली मां के सिर पर हथौड़ी से वार कर हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।













