अमेरिका के अटलांटा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कोर्ट में सुनवाई के दौरान ही एक महिला जज के पुलिस अधिकारी के साथ संबंध बनाने की बात उजागर हुई है। हद तो तब हो गई जब कोर्ट रूम के ठीक बगल में बने चैंबर में यह सब चलता रहा और जज साहिबा को इस बात का भी होश नहीं रहा कि बाहर बड़ी संख्या में लोग सुनवाई के लिए मौजूद हैं। चैंबर के अंदर से आने वाली आवाजों के कारण कोर्ट रूम में बैठे लोग बेहद असहज हो जाते थे। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, फेडरल जज एलियानोर रोस और अटलांटा पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी के बीच लंबे समय से विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) चल रहे थे, जबकि दोनों पहले से ही शादीशुदा हैं।
ओबामा काल में हुई थी जज की नियुक्ति
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पुलिस अधिकारी का नाम केली कोलियर है, जो अटलांटा पुलिस विभाग में कम्युनिटी सर्विस डिवीजन के कमांडर के तौर पर तैनात हैं। वहीं, फेडरल जज एलियानोर रोस की नियुक्ति पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान साल 2014 में जॉर्जिया के उत्तरी जिले की कोर्ट में हुई थी। ज्यूडिशियल कमेटी में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि कोर्ट की लाइव सुनवाई के दौरान भी जज रोस और कमांडर कोलियर चैंबर में अकेले वक्त बिताते थे, जिससे बाहर मौजूद लोगों को शर्मिंदगी उठानी पड़ती थी। इस मामले में पुलिस विभाग ने कमांडर कोलियर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और उन्हें नोटिस भी भेजा गया है।
जांच में दोषी पाए जाने पर लगा कड़ा प्रतिबंध
रिकॉर्ड के अनुसार, 55 वर्षीय केली कोलियर साल 1998 से अटलांटा पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और उन्हें टेक-मैनेजमेंट रणनीतियों के लिए जाना जाता है। वहीं, जज एलियानोर रोस ने जॉर्जिया स्टेट कोर्ट के जज ब्रायन रॉस से शादी की है। शुरुआत में जज रोस ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया था। हालांकि, जब जांच कमेटी ने उनके खिलाफ पुख्ता सबूत इकट्ठा कर लिए, तो उन पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए गए। अब वह फेडरल कोर्ट में चीफ जज नहीं बन पाएंगी और न ही किसी न्यायिक समिति का हिस्सा होंगी। इसके अलावा, उन्हें कोर्ट के कम से कम 6 क्लर्कों से लिखित में माफी मांगने का आदेश दिया गया है।















