बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के गठजोड़ व रंगदारी के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय ने एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। ब्रजेश मिश्रा को दिए पॉडकास्ट में पूर्व IPS राजेश पांडे ने बताया कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अपना आपराधिक नेटवर्क किसी संगठित “कॉरपोरेट कंपनी” की तरह चला रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस वक्त खौफ के इस नए तंत्र के सामने “पूरा बॉलीवुड नतमस्तक” दिखाई दे रहा है।
बता दें, राजेश पांडेय ने बिश्नोई गैंग के काम करने के तरीके का विश्लेषण करते हुए कहा कि 90 के दशक में जिस तरह डी-कंपनी का मुंबई पर वर्चस्व था, ठीक उसी तर्ज पर अब उत्तर भारत से संचालित हो रहे इस गैंग ने अपना जाल फैला लिया है।लॉरेंस बिश्नोई जेल के अंदर से गुप्त मोबाइल ऐप्स और विदेशों में बैठे अपने साथियों के जरिए अपना पूरा आपराधिक गैंग चलाता है। शूटरों की भर्ती, टारगेट तय करना, रंगदारी का नेटवर्क और सोशल मीडिया के जरिए खौफ पैदा करने की पूरी प्रक्रिया को प्रोफेशनल कंपनियों की तरह स्ट्रक्चर्ड किया गया है।
पूर्व आईपीएस अफसर ने बताया, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियों और हालिया आपराधिक वारदातों के कारण मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में भारी दहशत का माहौल है। बॉलीवुड की नामचीन हस्तियां और निर्माता-निर्देशक इस संगठित रंगदारी सिंडिकेट के सामने बेबस नजर आ रहे हैं। इस बयान के बाद देश के संगठित अपराध और बॉलीवुड में रंगदारी के बढ़ते जाल को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।



