मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में रिलीज हुए एक रक्षा बंधन ज्वेलरी विज्ञापन को लेकर अभिनेत्री कृति सेनन के आउटफिट की पसंद पर सवाल खड़े किए हैं। इस विज्ञापन में कृति सेनन एक इंडो-वेस्टर्न ड्रेस में नजर आ रही हैं, जिसमें ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल है। एक पारंपरिक और पवित्र त्योहार के विज्ञापन में इस तरह के आधुनिक और बोल्ड पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कंगना रनौत ने इस बहस में कूदते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तीखा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा कि आज की आधुनिक महिला के पास वार्डरोब में कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा, साड़ी और सलवार कमीज तक अनगिनत विकल्प मौजूद हैं, ऐसे में त्योहार के मौके पर इस तरह के कपड़ों की क्या जरूरत है। उन्होंने विज्ञापन पर तंज कसते हुए इसे जानबूझकर अजीब और भ्रामक करार दिया। कंगना के इस बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
बता दें कि सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स ने भी इस विज्ञापन की आलोचना की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के विज्ञापन पारंपरिक त्योहारों की मूल भावना और संस्कृति के साथ खिलवाड़ करते हैं। यूजर्स ने सवाल उठाया कि त्योहारों के नाम पर इस तरह के आधुनिक फैशन को बढ़ावा क्यों दिया जा रहा है, जिसमें न तो पारंपरिक कपड़े हैं और न ही पूजा-पाठ की कोई झलक दिखाई देती है।













