उत्तराखंड के काशीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। टांडा मोड़ स्थित शिव मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार हाइड्रा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका की पहचान रामदुलारी यादव पत्नी सुनील यादव, निवासी मोहल्ला टांडा उज्जैन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामदुलारी यादव रोज की तरह शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं। दर्शन के बाद जब वह घर वापस लौट रही थीं, तभी टांडा मोड़ के पास हाइड्रा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से न्याय की मांग की है। लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।
वहीं हादसे के बाद हाइड्रा चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












