उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कसमंडी कला गांव में जलाभिषेक के एलान को लेकर रविवार को माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। ‘लाखन आर्मी’ और अन्य विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग बड़ी संख्या में विवादित स्थल पर जलाभिषेक करने के लिए पहुंच गए, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और पुलिस-प्रशासन ने सभी रास्तों को बैरिकेडिंग कर ब्लॉक कर दिया है।

किले में शिव मंदिर होने का दावा
हिंदू संगठनों का दावा है कि कसमंडी कला स्थित यह स्थल राजा कंस का प्राचीन किला और मंदिर है, जहां भगवान शिव का मंदिर मौजूद है। इसी दावे के तहत संगठन के लोग अपने साथ 108 गांवों की पवित्र मिट्टी लेकर पहुंचे थे और वहां जलाभिषेक करने की जिद पर अड़े हुए थे। दूसरी ओर, स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि इस स्थान पर वे लंबे समय से नमाज अदा करते आ रहे हैं, जिसके चलते यह जगह दोनों पक्षों के बीच विवाद का विषय बनी हुई है।

पुलिस और प्रशासन की सख्त मुस्तैदी
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून और व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

"होइहै वही जो राम रचि राखा'",कोर्ट से बरी होने के बाद पहली बार बोले ब्रजभूषण शरण सिंह

शेयर करना
Exit mobile version