Mirzapur The Movie Review: पंकज त्रिपाठी और अली फजल स्टारर फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती। कमजोर स्क्रिप्ट, दोहराव वाले किरदार और तीन घंटे से ज्यादा का रनटाइम फिल्म को निराशाजनक बनाते हैं।
पंकज त्रिपाठी और अली फजल स्टारर फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ हाल ही में रिलीज हुई है। फिल्म को लेकर समीक्षा में इसे वेब सीरीज की लोकप्रियता भुनाने की एक जबरदस्ती बनाई गई और नाकाम कोशिश बताया गया है। फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी स्क्रिप्ट है। कहानी में न कोई नया स्वाभाविक टकराव नजर आता है और न ही कोई ताजा परत। जाने-पहचाने दृश्यों और पुराने फॉर्मूले को बड़े पर्दे पर दोहराया गया है, जिससे फिल्म एक लंबे एपिसोड जैसी महसूस होती है।
पंकज त्रिपाठी की एक्टिंग लगी एवरेज
फिल्म में पंकज त्रिपाठी की एक्टिंग एवरेज लगी। कालीन भैया के किरदार में उनका पुराना अंदाज, ठहराव और वन-लाइनर्स अब पहले जैसा प्रभाव नहीं छोड़ते। ऐसा लगता है कि उनके पास इस किरदार में कुछ नया करने के लिए नहीं था और उन्होंने अपना काम ऑटोपायलट मोड में किया है। समीक्षा के मुताबिक, पंकज त्रिपाठी को कुछ समय आराम करने और बेहतर स्क्रिप्ट चुनने की जरूरत है। इस फिल्म में उन्होंने अपने ही आइकॉनिक किरदार को दोहराया है।
अली फजल और दिव्येंदु भी नहीं छोड़ पाए प्रभाव
अली फजल का गुड्डू पंडित भी एवरेज ही नजर आता है। गुड्डू का गुस्सा और उसकी कमजोरियां, जो वेब सीरीज में प्रभावशाली थीं, फिल्म में जबरदस्ती दोहराई गई लगती हैं। वहीं, दिव्येंदु का मुन्ना भी पुराने बेचैन अंदाज में ही दिखाई देता है। किरदार में कोई नई गहराई नजर नहीं आती।
वेब सीरीज के मुकाबले फिल्म कमजोर
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज की सबसे बड़ी ताकत उसकी राइटिंग, किरदारों का विकास और कहानी में बना रहने वाला तनाव था। लेकिन फिल्म में यही पहलू सबसे कमजोर साबित होते हैं। बीना और गोलू जैसे महिला किरदारों की मौजूदगी भी लगभग औपचारिक लगती है। इसके अलावा आइटम सॉन्ग और तीन घंटे से ज्यादा का रनटाइम फिल्म को और बोझिल बनाता है।
हार्डकोर फैंस को भी कर सकती है निराश
कुल मिलाकर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ वेब सीरीज की सफलता को भुनाने की एक नाकाम कोशिश लगती है। कमजोर स्क्रिप्ट, पंकज त्रिपाठी और अली फजल की एवरेज एक्टिंग और कहानी में नयापन न होना फिल्म को निराशाजनक बनाता है। वेब सीरीज के हार्डकोर फैंस के लिए भी यह फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती।














