ग्रेटर नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को KDSG अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव अब सेवा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कपिल देव के स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वह हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए प्रेरित रहते हैं।
सीएम योगी ने कहा, “कपिल देव ने क्रिकेट में देश का नाम रोशन किया और अब वह स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अपनी सेवा देंगे। यूपी में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि यूपी सरकार की कोशिश है कि हर व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिले और इसके लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएम योगी ने राज्य में बढ़ते मेडिकल कॉलेजों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया। “उत्तर प्रदेश में अब मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है और बिना किसी भेदभाव के इलाज सभी को मिल रहा है। यह हमारी सरकार की जिम्मेदारी है कि हम हर व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं,” उन्होंने कहा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने क्रिकेट से जुड़े अपने प्रसिद्ध बयानों को भी साझा किया। “कपिल देव पाकिस्तान जैसी बीमारी के डॉक्टर हैं, जब बॉलिंग शुरू होती थी तो पाकिस्तान की हार तय हो जाती थी।” यह बयान उन्होंने खेल और स्वास्थ्य के बीच संबंध को दर्शाने के रूप में दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि आज यूपी में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की योजना लागू की गई है। उन्होंने कहा की अब यूपी पहचान के लिए मोहताज नहीं है। हमारे पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हैं और हम आगे भी इसे बढ़ावा देंगे।
इस उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के प्रबंधन से आग्रह किया कि वे मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें, क्योंकि आधी बीमारी सही उपचार और प्यार से दूर हो जाती है



