लखनऊ। भारत सरकार ने मंगलवार को ईरान और इज़राइल से अपने 1,100 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित निकाल कर नया रिकॉर्ड बनाया। इस बचाव अभियान के तहत कुल 3,170 भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है, जो ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत चलाए गए अब तक के सबसे बड़े सामूहिक निकासी अभियानों में से एक है।

इज़राइल से ज़मीनी रास्ते और एयरलिफ्ट

इस ऑपरेशन में सबसे अहम भूमिका निभाई भारतीय वायुसेना के C-17 भारी मालवाहक विमानों ने, जिनकी मदद से 400 से ज्यादा भारतीयों को जॉर्डन और मिस्र के ज़मीनी मार्गों से निकाल कर दिल्ली लाया गया। 161 भारतीय नागरिक, जो इज़राइल से जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे थे, उन्हें चार्टर्ड फ्लाइट से सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली लाया गया। एक अन्य ग्रुप में 165 भारतीयों को अम्मान से C-17 विमान में लाया गया। वहीं 268 भारतीय, जो इज़राइल से मिस्र के शर्म-अल-शेख पहुंचे थे, उन्हें भी C-17 विमान से दिल्ली लाया गया। इन सभी समूहों का स्वागत विदेश राज्य मंत्री और एल. मुरुगन ने एयरपोर्ट पर किया।

ईरान से निकासी: तीन देशों के नागरिक भी शामिल

मंगलवार को ही दो विशेष चार्टर्ड फ्लाइट्स के माध्यम से ईरान के मशहद शहर से 573 भारतीय नागरिक, 3 श्रीलंकाई, और 2 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया गया। MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि अब तक ईरान से कुल 2,576 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। इससे पहले सोमवार रात को भी 290 भारतीय और 1 श्रीलंकाई नागरिक को मशहद से निकाला गया था।

अमेरिका की एयरस्ट्राइक के बाद बढ़ा तनाव

ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष में अब तक सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन हमले हो चुके हैं। विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब अमेरिका ने रविवार सुबह ईरान के तीन बड़े परमाणु ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसके बाद ईरान ने हवाई क्षेत्र खोलने की अनुमति दी जिससे भारतीय फ्लाइट्स मशहद, येरवान (आर्मीनिया) और अश्गाबाद (तुर्कमेनिस्तान) से उड़ान भर सकीं।

ऑपरेशन सिंधु: भारत का साहसिक मानवीय मिशन

‘ऑपरेशन सिंधु को लेकर विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह केवल निकासी नहीं बल्कि मानवीय सुरक्षा और राष्ट्रीय कर्तव्य का परिचायक है। भारत न केवल अपने नागरिकों बल्कि पड़ोसी देशों के नागरिकों को भी सुरक्षित निकालकर मानवता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

Prayagraj:"टच किया तो 35 टुकड़े कर दूंगी..", सुहागरात पर दूल्हे को मिली धमकी

शेयर करना
Exit mobile version