उत्तर प्रदेश: हरदोई जिले से स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान कथित लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि सर्जरी के समय डॉक्टर पेट के भीतर तौलिया छोड़ गई, जिसके चलते पांच महीने तक महिला असहनीय दर्द और संक्रमण से जूझती रही। अंततः दोबारा ऑपरेशन के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी।

बता दें, जानकारी के अनुसार टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 46 वर्षीय जदुरानी का करीब पांच माह पहले मुरलीपुरवा स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद भी महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती रही। पेट में दर्द, सूजन और बुखार जैसी शिकायतें बनी रहीं, लेकिन परिवार को शुरुआत में स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।

वहीं, परिजनों ने बताया कि 5 फरवरी को महिला को दूसरे डॉक्टर को दिखाया गया। जांच के दौरान पेट में कुछ होने की आशंका जताई गई। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि ऑपरेशन के दौरान तौलिया पेट में ही छूट गया था। बताया जा रहा है कि लंबे समय तक तौलिया पेट में रहने से गंभीर संक्रमण फैल गया था।

इसके बाद महिला का दोबारा ऑपरेशन कर तौलिया निकाला गया, लेकिन तब तक संक्रमण शरीर में काफी फैल चुका था। रविवार को इलाज के दौरान जदुरानी की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।

महिला के पति ने पूरे मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई है और जिम्मेदार डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच की मांग तेज हो गई है और स्थानीय प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा की जा रही है।

Saifai में सपा का रंगीन जमावड़ा, Holi पर जुटे हजारों समर्थक, Akhilesh Yadav ने दी बधाई!

शेयर करना
Exit mobile version