कई लोग यह मानते हैं कि हफ्ते में एक बार शराब पीना सुरक्षित है, लेकिन सच यह है कि कभी-कभी की गई शराब पीने की आदत भी शरीर पर असर डाल सकती है। यह असर शरीर के हर अंग पर नहीं, बल्कि यह व्यक्ति की उम्र, सेहत, लाइफस्टाइल और पीने की मात्रा पर निर्भर करता है। Healthyy Podcast में बताया गया कि यदि आप दो बियर पीते हैं और साथ में स्नैक भी लेते हैं, तो वह 1200 कैलोरी का सेवन कर चुके होते हैं, जबकि पूरे दिन में आपको केवल 1600 कैलोरी लेने की जरूरत होती है। इसका मतलब है कि आपने जो भी कैलोरी एक हफ्ते में बचाई होगी, वह एक दिन में पूरी हो जाती है।
एक्सपर्ट्स का क्या कहना है?
अंबाला स्थित पूजा सुपर स्पेशलिटी क्लिनिक के डॉ. दीपक सहोता के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सप्ताह में केवल 60 मिलीलीटर शराब तक सीमित रहता है, तो यह सामान्य और स्वस्थ लोगों के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित हो सकता है। हालांकि, वे चेतावनी देते हैं कि “कम मात्रा” का मतलब यह नहीं है कि जोखिम पूरी तरह से खत्म हो जाता है। यदि कोई व्यक्ति सप्ताह में केवल एक बार शराब पीता है, तो भी यह शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर दबाव डाल सकता है।
बिंज ड्रिंकिंग का खतरा
बिंज ड्रिंकिंग का मतलब है कम समय में ज्यादा शराब पीना। यह आदत सबसे ज्यादा नुकसानदेह साबित हो सकती है। इससे अचानक लिवर पर असर, दिल से जुड़ी समस्याएं, और गंभीर मामलों में मौत का खतरा भी हो सकता है। भले ही यह आदत केवल एक दिन तक सीमित हो, लेकिन यह शरीर के संतुलन को बिगाड़ सकती है और दीर्घकालिक असर डाल सकती है।
लिवर और किडनी पर असर
लिवर शरीर में शराब को तोड़ने का मुख्य काम करता है। नियमित रूप से या सप्ताह में एक बार शराब पीने से लिवर पर दबाव पड़ता है। लंबे समय में, यह फैटी लिवर या अन्य लिवर संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है। इसके अलावा, शराब शरीर को डिहाइड्रेट भी करती है, जो किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है, खासकर यदि व्यक्ति पानी कम पीता है। इसलिए, विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आप शराब पीने की आदत को कम करना चाहते हैं, तो इसे नियंत्रित तरीके से ही करें, और इस बात का ध्यान रखें कि सप्ताह में एक बार शराब पीने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, यदि आपका स्वास्थ्य और जीवनशैली सही नहीं है।



