मथुरा: शेरगढ़ के 4 गांवों से साइबर ठगों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने 34 ठगों को गिरफ्तार किया है, जो जामताड़ा जैसे तरीके से साइबर ठगी कर रहे थे। पुलिस ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 40 से ज्यादा मोबाइल फोन और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस ऑपरेशन में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल
शेरगढ़ क्षेत्र में यह ऑपरेशन 13 थानों की पुलिस फोर्स के साथ पांच घंटे तक चला। इस दौरान, जंघावली, विशंभरा, बाबूगढ़ और नगला बौना गांवों में छापेमारी की गई। पुलिस के इस ऑपरेशन के दौरान भगदड़ मच गई, जब करीब 150 संदिग्ध लोग छतों से कूदकर भागने की कोशिश करने लगे।
पुलिस के मुताबिक, इन ठगों ने सिंडिकेट बनाकर अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस ने छापेमारी में एक तकनीकी टीम को भी तैनात किया था, जो बरामद गैजेट्स की जांच कर रही है।
SP ग्रामीण ने किया खुलासा
ग्रामीण एसपी ने कहा कि यह गिरोह फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर बड़ी संख्या में लोगों से ठगी कर रहा था। ठगों का यह नेटवर्क जामताड़ा की तरह चल रहा था, जो अब पुलिस के निशाने पर आ गया है।



