मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह की 5वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी के निधन पर अखिलेश यादव ने एक बार भी श्रद्धांजलि नहीं दी। वहीं पीडीए की परिभाषा पर भी मुख्यमंत्री सपा प्रमुख पर जमकर बरसे। सीएम योगी ने कहा कि इनके पीडीए का मतलब बदलता रहता है। इनके पीडीए में एक दिन ‘P’ का मतलब पाकिस्तान हो जाएगा।
‘ये गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले हैं’
पूर्व सीएम कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीजेपी इसे हिंदू गौरव दिवस के रूप में मना रही है। कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा, ‘ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग कैसे परिभाषा बदलते हैं। पहले की पी परिभाषा पिछड़े, फिर पंडित और एक दिन देखना पी की परिभाषा पाकिस्तान से कर देंगे।’
‘अखिलेश यादव ने बाबूजी का अपमान किया’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘हमको दुख और कष्ट हुआ था. मैंने प्रदेश में पिछले 9 सालों में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के मृत होने पर तीनों के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। तीनों अलग-अलग पार्टी के थे। एक बाबूजी के निधन पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जो कि हमारी ही पार्टी में थे। हम सबके लिए प्रेरणास्त्रोत थे। प्रधानमंत्री सारे कार्यक्रम को छोड़कर सीधे लखनऊ आए। दुखद निधन के बाद हमारे लिए असहनीय था। एसजीपीजीआई से लेकर घर तक और घर से अलीगढ़ सभी कार्यक्रम में मैं और मेरी कैबिनेट के सभी मंत्री सभी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। हमारे लिए ये कष्टकारी था। एक समान्य शिष्टाचार होता है। मायावती जी ने आकर उस दायित्व का निर्वहन किया और बाबूजी को श्रद्धांजलि दी। लेकिन कितना दुर्भाग्य है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया कितना द्वेष हमारे नेता से रखते हैं। कार्यक्रम में शामिल होना तो दूर की बात है, समाजवादी पार्टी के नेता ने शब्दों से भी उन्हें कोई श्रद्धांजलि नहीं दी। इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। ये जातीय अपमान है। जिनको लगता है कि बाबूजी का जीवन का हिंदुओं को लिए समर्पित था। ये हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो खुद को हिंदू मानता है।’











