उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित शीशम झाड़ी में आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम पहुंचकर आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आशीर्वाद लिया और राज्य के विकास तथा सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बता दें, मुलाकात के दौरान दोनों के बीच सामाजिक सद्भाव, आध्यात्मिक जागरूकता और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार जैसे विषयों पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन दुनिया भर में शांति, योग और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि श्री श्री रविशंकर के मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है, जो उत्तराखंड जैसे आध्यात्मिक राज्य के लिए प्रेरणादायक है।
बता दें, श्री श्री रविशंकर ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए उत्तराखंड की प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य की आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता उसे वैश्विक पहचान दिलाती है, जिसे और मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
बता दें, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संतों और आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति की भावना के साथ समाज सेवा में आगे आएं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्य में साइबर अपराध से निपटने, अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी दी है।



