झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर बॉलीवुड और टॉलीवुड के सितारों की शाही शादी का गवाह बनने जा रही है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की शादी का आयोजन उदयपुर में 26 फरवरी को होने वाला है। इस खबर ने शहर में हलचल मचा दी है, और शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। कई लग्जरी होटल्स और ऐतिहासिक वेन्यू पहले ही बुक हो चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, रश्मिका और विजय के परिवार के कुछ सदस्य और इवेंट मैनेजमेंट टीम पिछले हफ्ते उदयपुर पहुंचे थे और उन्होंने शहर की प्रमुख झीलों के किनारे स्थित पांच सितारा होटलों का निरीक्षण किया। ओबेरॉय उदय विलास, ताज लेक पैलेस और लीला पैलेस जैसे आलीशान होटल्स इस शाही विवाह समारोह के लिए चर्चा में हैं। फरवरी के आखिरी हफ्ते के लिए बुकिंग प्रक्रिया जारी है, जो शादी की तैयारियों को लेकर और भी चर्चाओं को जोर दे रही है।

हैदराबाद में सगाई, अब उदयपुर में शादी!
रश्मिका और विजय ने पिछले महीने हैदराबाद में एक पारिवारिक माहौल में सगाई की थी। हालांकि दोनों ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा मीडिया से दूर रखा है, अब उनकी शादी की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं और उनके फैंस लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

रश्मिका और विजय का प्यार
रश्मिका मंदाना, जो ‘पुष्पा’ जैसी सुपरहिट फिल्म के लिए जानी जाती हैं, और विजय देवरकोंडा, जो ‘अर्जुन रेड्डी’ जैसी फिल्म के बाद से बड़े स्टार बन चुके हैं, दोनों की मुलाकात 2018 में फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के दौरान हुई थी। इस फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री ने उन्हें एक आदर्श ऑन-स्क्रीन जोड़ी बना दिया था। बाद में फिल्म ‘डियर कॉमरेड’ ने उनकी जोड़ी को और भी पॉपुलर कर दिया। हालांकि दोनों ने कभी अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया।

शेयर करना
Exit mobile version