उदयपुर में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी के बंधन में बंधने के बाद साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से एक साथ नजर आकर फैंस को सरप्राइज दिया। नवविवाहित जोड़ा उदयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा, जहां उन्होंने अपने चाहने वालों से मुलाकात की और उनका अभिवादन किया।
एयरपोर्ट पर रश्मिका लाल रंग की ड्रेस में नजर आईं, जबकि विजय देवरकोंडा कुर्ता-पायजामा और सनग्लासेस में दिखे। दोनों ने मुस्कुराते हुए फैंस की ओर फ्लाइंग किस भेजी और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। शादी के बाद यह उनकी पहली पब्लिक अपीयरेंस मानी जा रही है, जिसे लेकर फैंस में खासा उत्साह देखा गया।

शादी के खूबसूरत पलों की तस्वीरें साझा करते हुए रश्मिका मंदाना ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट भी लिखी। उन्होंने विजय को अपना “हसबैंड” बताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें सच्चे प्यार का एहसास कराया और जिंदगी में सुकून का मतलब समझाया। रश्मिका ने लिखा कि विजय ने हमेशा उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर उनका साथ दिया।
उन्होंने अपने पोस्ट में विजय को प्यार से “विज्जू” कहकर संबोधित किया और कहा कि अब उनकी जिंदगी के हर पल का मतलब और भी खास हो गया है। रश्मिका ने यह भी लिखा कि वह विजय की पत्नी कहलाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उनके साथ नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर खुश हैं।

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने इससे पहले दो चर्चित तेलुगु फिल्मों ‘Geetha Govindam’ और ‘Dear Comrade’ में साथ काम किया था। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब असल जिंदगी में भी दोनों के साथ आने की खबर ने फैंस को खुश कर दिया है।
फिलहाल, उदयपुर एयरपोर्ट पर उनकी झलकियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस इस स्टार कपल को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।














