लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महोत्सव में संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव के उत्तराखंड से आने वाले लोगों को लेकर दिए गए ‘घुसपैठिये’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं आई होती तो आज वे सैफई में भैंस चरा रहे होते। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
‘उत्तराखंड की बेटी नहीं आई होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते’
उत्तराखंड महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कुछ दिन पहले कुछ लोग बोल रहे थे कि उत्तराखंड से कुछ घुसपैठिये यूपी आ गए हैं। अरे, अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं आई होती तो आज वे सैफई में भैंस चरा रहे होते।”
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ से अधिक है। राज्य बड़ा है, इसलिए यहां चुनौतियां भी बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न खाया है। चुनौतियों को स्वीकार करना हमारे जींस का हिस्सा है।
‘देवभूमि पर उंगली उठाना छोटी सोच का हिस्सा’
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के लोगों ने हमेशा देश की सेवा को प्राथमिकता दी है। उत्तराखंड के लगभग हर परिवार का एक सदस्य सेना में जरूर काम करता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में उत्तराखंड और उसकी देवभूमि पर उंगली उठाना छोटी सोच रखने वाले लोगों की मानसिकता को दर्शाता है।
‘ऊंचे पदों पर पहुंचकर भी नहीं बदलती छोटी सोच’
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों की छोटी सोच उनकी बातों और व्यवहार में साफ दिखाई देती है। जब छोटी सोच रखने वाले लोग ऊंचे पदों पर पहुंच जाते हैं, तब भी उनकी मानसिकता नहीं बदलती। जनता ऐसे लोगों को बार-बार ठुकराती है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड से आने वालों को घुसपैठिया बताने वालों को यह याद रखना चाहिए कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे।
अखिलेश यादव ने क्या दिया था बयान?
दरअसल, बीते अक्टूबर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में बयान दिया था कि उत्तर प्रदेश में ज्यादातर घुसपैठिये उत्तराखंड से हैं। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाने के तौर पर देखा गया था, क्योंकि सीएम योगी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
अखिलेश यादव ने यह टिप्पणी उस समय की थी, जब बीजेपी की ओर से घुसपैठ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा जा रहा था। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया था। अब उत्तराखंड महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।











