टाटा मोटर्स ने घोषणा की है कि कंपनी 1 जुलाई, 2026 से अपनी कारों और SUV की कीमतें बढ़ाने जा रही है। कंपनी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी 1.5 परसेंट तक होगी और इसमें पेट्रोल-डीज़ल गाड़ियां यानी ICE मॉडल और इलेक्ट्रिक गाड़ियां यानी EV दोनों शामिल होंगी।
कंपनी ने कहा कि यह कदम बढ़ती इनपुट लागत और लगातार महंगाई के दबाव की भरपाई के लिए उठाया जा रहा है। कंपनी कह रही है कि लागत में बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा वह खुद उठा रही है, लेकिन इसका कुछ असर ग्राहकों पर भी डाला जा रहा है।
कारें कब महंगी होंगी ?
TMPV ने साफ किया है कि कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगी। कंपनी के मुताबिक, इस दौरान यह ध्यान रखा जाएगा कि हर गाड़ी का वैल्यू प्रपोज़िशन यानी कीमत से मेल खाने वाली क्वालिटी बनी रहे।
नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। ऐसे में जो ग्राहक टाटा की कार या SUV खरीदना चाहते हैं, उनके पास 30 जून तक पुरानी कीमतों पर कार बुक करने का मौका है। आम तौर पर, ऐसी घोषणा के बाद महीने के आखिरी दिनों में डीलरशिप पर बुकिंग बढ़ जाती है।
कौन सी पॉपुलर कारें महंगी होंगी ?
इस कीमत बढ़ोतरी का असर कंपनी की कई पॉपुलर गाड़ियों पर पड़ सकता है। इनमें पंच, नेक्सन, कर्व, हैरियर, सफारी, टियागो, टिगोर और अल्ट्रोज़ जैसी कारें शामिल हैं। हालांकि कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ेगी, लेकिन यह तय है कि अलग-अलग मॉडल में अलग-अलग बढ़ोतरी होगी।
कंपनी की इलेक्ट्रिक कारें भी तेजी से हो रही पॉपुलर
आज टाटा मोटर्स देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में से एक है। खासकर पंच और नेक्सन जैसी SUV लोगों को बहुत पसंद आई हैं। वहीं, कंपनी की इलेक्ट्रिक कारें भी तेजी से पॉपुलर हो रही हैं। ऐसे में कीमत बढ़ोतरी का सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो नई टाटा कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। अगर आप आने वाले दिनों में टाटा की कार खरीदने जा रहे हैं तो जून का महीना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। क्योंकि 1 जुलाई के बाद वही गाड़ी और महंगी हो सकती है। इसलिए अगर बजट तैयार है और कार खरीदने का मन बना लिया है तो जल्दी पैसे बचा सकते हैं।















