लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चा के बीच सहारनपुर की सीटों को लेकर विवाद सामने आया है। समाजवादी पार्टी की ओर से सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर ग्रामीण विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के ऐलान के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, “सपा को BJP से लड़ना है या मुझसे, कांग्रेस से। सपा तय करे मुझसे लड़ना है या BJP से।” उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर अपनी पार्टी में बात करेंगे और आगे क्या करना है, इस पर फैसला लेंगे।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली प्रत्याशी सूची में बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। दोनों सीटों पर कांग्रेस भी अपना दावा कर रही थी।
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी थी। इसी बीच सपा ने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। ऐसे में सहारनपुर की सीटों को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच असहमति सामने आई है। अब इमरान मसूद के बयान के बाद गठबंधन में आगे क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।











