उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने “महाकाल बलि मांग रहे हैं” कहकर खुद पर कुल्हाड़ी से हमला कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार समेत मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। मामला बकेवर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवक लंबे समय से शराब की लत और मानसिक अस्थिरता से जूझ रहा था। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर घर में “महाकाल बलि मांग रहे हैं” जैसी बातें कहकर विवाद करता था। घटना के दिन भी इसी तरह का माहौल बना और अचानक उसने कुल्हाड़ी उठाकर खुद पर वार कर लिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि युवक की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के महज एक महीने बाद ही उसकी पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद से ही युवक की मानसिक स्थिति और बिगड़ गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।



