दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी के 15 मौजूदा पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर नई पार्टी का गठन कर लिया है। शनिवार को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन पार्षदों ने ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ के नाम से नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा की। इस पार्टी के अध्यक्ष मुकेश गोयल बनाए गए हैं।
क्यों छोड़ी आम आदमी पार्टी ?
पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल ने पार्टी छोड़ने के पीछे संगठन में अनदेखी और शीर्ष नेतृत्व के तानाशाही रवैये को वजह बताया। उन्होंने कहा “2022 में AAP के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हमें कभी निर्णय प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया। ऊपर से आदेश आते थे, नीचे के कार्यकर्ताओं और नेताओं की बात नहीं सुनी जाती थी। पार्टी को नगर निगम में पूर्ण बहुमत था, फिर भी लगातार पतन होता गया।”मुकेश गोयल पहले कांग्रेस में थे, फिर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और अब तीसरा राजनीतिक मंच तैयार किया है।

कौन-कौन हुए शामिल ?
इस नए राजनीतिक मंच में तीन बार के पार्षद हेमचंद गोयल, दो बार की पार्षद जसवीर और ऊषा शर्मा समेत कई अनुभवी नेता शामिल हैं। इन सभी ने यह आरोप लगाया कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।
क्या कहा गया ?
मुकेश गोयल ने कहा हम नगर निगम को सही दिशा में ले जाना चाहते थे। पार्टी अनुभव की अनदेखी कर रही थी। लड़ाई-झगड़े और आरोप-प्रत्यारोप से निगम नहीं चलता। हमने तय किया कि एक नया राजनीतिक विकल्प दिल्ली के लोगों को दिया जाए।”इस घटनाक्रम को AAP के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर चुनौतियों का सामना कर रही है।