आगरा जिले के खेरागढ़ क्षेत्र के उटंगन नदी डूंगर वाला में देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। स्थानीय प्रशासन और पुलिस सूत्रों के मुताबिक विसर्जन के दौरान 11 लोग नदी में डूब गए। रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया गया और अब तक 4 लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया है। इनमें से 3 लोगों की मौत हो चुकी है और 1 को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू में जुट गईं। ग्रामीणों ने इस दौरान सड़क पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। जिला प्रशासन के अधिकारियों, DM और पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

घटना में मारे गए और घायल लोग मुख्य रूप से एक ही गांव के निवासी हैं। स्थानीय लोग रेस्क्यू अभियान में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं और नदी किनारे इकट्ठा होकर मदद प्रदान कर रहे हैं।

सीएम योगी ने घटना का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उनके समुचित उपचार के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

शेयर करना
Exit mobile version