Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार इस फैसले को लागू करने की तैयारी कर रही है और अगले 90 दिनों के भीतर बच्चों की सोशल मीडिया तक पहुंच पूरी तरह से रोकने की व्यवस्था की जाएगी।

विधानसभा में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग की आयु सीमा को लेकर सुझाव मिले हैं। फिलहाल 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध का प्रस्ताव है, लेकिन इस पर भी विचार किया जा रहा है कि आयु सीमा 13 वर्ष रखी जाए या 16 वर्ष। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों की सहमति के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि बच्चों में मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल का मानसिक और सामाजिक प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में राज्य सरकार इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाने की दिशा में काम कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनसंख्या प्रबंधन नीति को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ऐसी नीति पर विचार कर रही है जिसमें परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाएगा। प्रस्तावित योजना के तहत अगर किसी परिवार में दूसरा या तीसरा बच्चा जन्म लेता है तो सरकार की ओर से डिलीवरी के समय 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सीएम नायडू ने विधानसभा में आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 58 प्रतिशत परिवारों में केवल एक ही बच्चा है। लगभग 2.17 लाख परिवारों में दो बच्चे हैं, जबकि करीब 62 लाख परिवारों में तीन या उससे अधिक बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवार ऐसे भी हैं जो एक बच्चे के बाद दूसरा बच्चा नहीं कर रहे हैं, जिससे जनसंख्या संतुलन को लेकर चिंता बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य परिवारों को प्रोत्साहित करना है ताकि संतुलित जनसंख्या संरचना बनी रहे और आने वाले समय में श्रमबल और सामाजिक संतुलन बना रहे।

उधर, कर्नाटक सरकार ने भी बच्चों में मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को लेकर बड़ा कदम उठाने का संकेत दिया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को 2026-27 का राज्य बजट पेश करते हुए घोषणा की कि राज्य में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई जा रही है।

सिद्धारमैया ने अपने बजट भाषण में कहा कि बच्चों में मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल से उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार सोशल मीडिया पर आयु सीमा तय करने की दिशा में कदम उठा रही है।

इस तरह आंध्र प्रदेश और कर्नाटक दोनों राज्यों की सरकारें बच्चों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी में हैं। विशेषज्ञों का भी मानना है कि कम उम्र में सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए ऐसे फैसले भविष्य में और राज्यों में भी देखने को मिल सकते हैं।

America और Israel के खिलाफ Delhi में हुआ जमकर विरोध प्रदर्शन | Breaking News

शेयर करना
Exit mobile version