उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक निजी अस्पताल के अंदर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाना क्वार्सी क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती युवक पर दो युवकों ने अचानक गोली चला दी। गोली युवक के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान वेदपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी विवाद के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान दो युवक अस्पताल में पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वेदपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार दिया जा रहा है।
फायरिंग के बाद हमलावर अस्पताल से फरार हो गए। अस्पताल के स्टाफ ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने भागते समय दोबारा फायरिंग कर दी, जिससे लोग डरकर पीछे हट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एसएसपी नीरज जादौन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वेदपाल का मथुरा की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले युवती की शादी के दौरान वेदपाल वहां पहुंच गया था और हंगामा कर दिया था। इस घटना के बाद युवती के परिजनों ने उसकी पिटाई की थी और मथुरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया जा रहा है कि जेल से छूटने के बाद वेदपाल इलाज के लिए अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती था। इसी बीच युवती के दो भाइयों ने अस्पताल में घुसकर उस पर गोली चला दी। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने हमले से पहले अस्पताल की रेकी भी की थी।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



